Jharkhand News: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले की होनहार छात्रा शांभवी जायसवाल ने आईसीएसई (ICSE) 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025 में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे देश में टॉप किया है। शांभवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड और देश को गर्व की अनुभूति हुई है।

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने बुधवार को ICSE (10वीं) और ISC (12वीं) परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए। इसमें जमशेदपुर के प्रतिष्ठित लोयोला स्कूल की छात्रा शांभवी ने 10वीं परीक्षा में सभी विषयों में 100 प्रतिशत अंक लाकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शांभवी का पारिवारिक वातावरण शिक्षा और सेवा से जुड़ा हुआ है। उनके पिता डॉ. अभिषेक जायसवाल मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में रेडियोलॉजिस्ट हैं और माता डॉ. ओजस्वी शंकर टाटा मणिपाल हॉस्पिटल में स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं।

अपनी सफलता का श्रेय शांभवी ने अपने माता-पिता, स्कूल के प्राचार्य, उप-प्राचार्य और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास ही उनकी इस कामयाबी की कुंजी रही है। भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर शांभवी ने बताया कि वह आगे विज्ञान संकाय से 12वीं की पढ़ाई करेंगी और फिर आईआईटी से इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखती हैं।

इस बार की ICSE परीक्षा में कुल पास प्रतिशत 99.09 रहा, जबकि ISC (12वीं) का पास प्रतिशत 99.02 प्रतिशत रहा। छात्राओं ने फिर से बाजी मारी। जहां लड़कियों का सफलता प्रतिशत 99.37 रहा, वहीं लड़कों का 98.84 प्रतिशत दर्ज किया गया। शांभवी की यह उपलब्धि आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है और झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की उत्कृष्टता को भी दर्शाती है।

Share.
Exit mobile version