अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार, जिले के सभी वरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज चैनपुर अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी द्वारा आज डुमरी प्रखंड अंतर्गत खेताली पंचायत का दौरा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में श्रीमती कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, सार्वजनिक वितरण प्रणाली , आवास योजनाएं एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थिति, पोषण आहार वितरण की गुणवत्ता तथा बच्चों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। वहीं पीडीएस दुकानों में खाद्यान्न वितरण की पारदर्शिता पर विशेष बल दिया गया।
आवास योजना के अंतर्गत लंबित एवं अपूर्ण योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए SDO ने लाभुकों से संवाद भी किया और संबंधित विभागीय कर्मियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंद पाया गया, जिस पर SDO चैनपुर द्वारा गहरी असंतोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसे नियमित रूप से खोलने एवं संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं समय पर एवं सतत रूप से उपलब्ध हों।
SDO पूर्णिमा कुमारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारें ताकि अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति को लाभ मिल सके।

