Bihar News: दरभंगा ज़िले के सकतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक वारदात हुई। मधपुर टोला सोनपुर प्राइमरी स्कूल के उप प्रभारी हेडमास्टर और बीएलओ राजेश कुमार ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

बताया जा रहा है कि राजेश कुमार बीएलओ का काम निपटाने निकले थे। तभी सुनसान इलाके में घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और सीने व पेट में गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजेश हिम्मत जुटाकर करीब दो किलोमीटर तक बाइक चलाकर अपने स्कूल के गेट तक पहुंचे। वहां उन्होंने सहकर्मियों को पूरी घटना बताई और कहा कि उन्हें गोली मारी गई है। साथी शिक्षकों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिवार और गांव में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भाई मुकेश कुमार ठाकुर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि राजेश का उसी स्कूल की एक विवाहित शिक्षिका से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शिक्षिका के पति ने पहले ही धमकी दी थी और शक है कि उसी ने यह साजिश रची।

थाना अध्यक्ष अरविंदर कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

Share.
Exit mobile version