Jamshedpur News:जमशेदपुर में अनुसूचित जाति समन्वय समिति ने शुक्रवार को जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर जोरदार मार्च निकाला। यह मार्च साकची आमबगान से शुरू होकर पद्मश्री मुकुंद नायक के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय तक पहुँचा। समिति के पदाधिकारी और सैकड़ों लोग, जिनमें महिलाएं और पुरुष शामिल थे, ने जाति प्रमाण पत्र बनाने में हो रही परेशानियों का विवरण उपायुक्त को दिया।
समिति ने उच्च न्यायालयों के आदेशों का हवाला देते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि धोबी, घासी, पासी, दुसाध, डोम, बाउरी, तुरी, चमार, भुइयां समेत 22 उपजातियों के छात्र-छात्राओं और युवाओं को जाति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण शिक्षा, नौकरी और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। समिति का कहना है कि 10 अगस्त 1950 से पूर्व निवास प्रमाण की शर्त औद्योगिक नगरी जमशेदपुर के दलित समाज के लिए अन्यायपूर्ण है, क्योंकि अधिकांश लोग उस समय टाटा कंपनी, रेलवे और सरकार की जमीनों पर बसे थे और उनके पास पुराने दस्तावेज़ नहीं हैं।
मार्च के दौरान पद्मश्री मुकुंद नायक के साथ समिति के पदाधिकारी रामकृष्ण पासवान, लक्ष्मीचरण घासी, अनीता चमार, राकेश तुरी और सुनील दुसाध भी मौजूद रहे। समिति ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो जमशेदपुर से रांची तक व्यापक आंदोलन किया जाएगा।