अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : हरमू रोड स्थित ऐतिहासिक मारवाड़ी भवन में निर्मित नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन समारोह 10 नवम्बर को बड़े ही भव्य आयोजन के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थित रहेंगी।
अध्यक्ष मनोज चौधरी एवं उनकी पत्नी कविता चौधरी ने आज पंडित श्याम सुंदर भारद्वाज के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत की। नगर की 112 वर्ष पुरानी संस्था मारवाड़ी सहायक समिति द्वारा संचालित इस भवन परिसर में लगभग 8000 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल में यह आधुनिक, पूर्णत: वातानुकूलित बहुउद्देशीय सभागार तैयार किया गया है।
शाम 5:30 बजे उद्घाटन समारोह संपन्न होगा, जिसके बाद 7 बजे से धार्मिक संस्थाओं द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर रांची की कई प्रतिष्ठित धार्मिक संस्थाओं के कलाकार भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे।
संस्था के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि समिति का उद्देश्य इस सभागार को जनोपयोगी बनाना है, ताकि सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए इसका लाभ आम जनता को मिल सके। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के सहयोग और सहभागिता की भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सैकड़ों सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इसमें प्रमुख रूप से रमन बोड़ा, भागचंद पोद्दार, ओमप्रकाश अग्रवाल, सुरेश चंद्र अग्रवाल, ललित पोद्दार, राजेंद्र केडिया, पवन पोद्दार, अशोक नारसरिया, कमलेश संचेती, पवन शर्मा, विनोद जैन, सज्जन पाड़िया, राजेश भारतीय, कौशल राजगढ़िया, किशन पोद्दार, अनिल कुमार अग्रवाल, निर्मल बुधिया, अजय डिडवानिया, गुलाब बोड़ा, प्रमोद बगड़िया, निर्भय शंकर हरित, विजय खोवाल, नरेश चौधरी, अशोक लाठ, कमल शर्मा, अर्चना साबू एवं अमित जालान सहित अनेक गणमान्य लगातार कार्यरत हैं।
मीडिया प्रभारी निर्मल बुधिया ने बताया कि इस बहुउद्देशीय सभागार के निर्माण से संस्था को एक नई पहचान मिलेगी और रांची शहर के लोगों के लिए यह एक बड़ा सामुदायिक केंद्र साबित होगा।

