अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार की शाम सिनेमाई सितारों की चमक से सराबोर रही। एक्शा एंटरटेनमेंट की बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” की विशेष स्क्रीनिंग मॉल ऑफ रांची स्थित पीजेपी सिनेमा में आयोजित की गई। इस खास मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा की मौजूदगी ने माहौल को बेहद खुशनुमा बना दिया। फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू को अपने बीच पाकर रांची के दर्शक भी काफी उत्साहित नजर आए।
“इस फिल्म ने मेरी दूसरी शादी करा दी”: संजय मिश्रा के चुटीले अंदाज ने जीता दिल
स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों को संबोधित करते हुए संजय मिश्रा ने अपने सिग्नेचर स्टाइल में चुटकी लेते हुए कहा, “इस फिल्म ने मेरी दूसरी शादी करा दी।” उनकी इस बात पर पूरा सिनेमा हॉल ठहाकों से गूँज उठा। उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म केवल हंसाने के लिए नहीं है, बल्कि यह एक गहरा सामाजिक संदेश भी देती है। संजय मिश्रा ने रांची के दर्शकों के प्यार की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ आकर उन्हें हमेशा घर जैसा अहसास होता है।
पारिवारिक मनोरंजन का तड़का: निर्माताओं ने साझा किए अनुभव
फिल्म के निर्माता एकांश बच्चन और हर्षा बच्चन ने बताया कि “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” एक ऐसी कहानी है जो हर उम्र के लोगों को पसंद आएगी। फिल्म में सहज हास्य के साथ-साथ भावनात्मक गहराई भी है। फिल्म का निर्देशन सिद्धांत राज सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी प्रशांत सिंह ने लिखी है। स्क्रीनिंग के दौरान कलाकारों ने दर्शकों के साथ सेल्फी खिंचवाई और फिल्म से जुड़े कई अनसुने किस्से भी साझा किए।

