अपनी भाषा चुनेें :
Jamshedpur News: जमशेदपुर की साकची मेन रोड सोमवार देर रात कुछ ही मिनटों में हड़कंप का मैदान बन गई। बंगाल क्लब के पास एक तेज रफ्तार वरना ने सड़क किनारे खड़ी स्कार्पियो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कुछ ही सेकंड में दोनों कारें आग की लपटों में घिर गईं। आसपास खड़े लोग पहले तो समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ, लेकिन अचानक उठती आग और धमाके जैसी आवाजों ने वातावरण को दहला दिया।
दमकल पहुंची, लेकिन तब तक सब राख
चंद मिनटों में आग पूरे दोनों वाहनों में फैल चुकी थी। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी तेजी से बढ़ चुकी थी कि बचाने लायक कुछ नहीं बचा। दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सड़क पर कुछ देर तक धुआं और जलते हुए टायरों की गंध ही नजर आती रही।
हादसे के बाद वरना सवार युवक भागे
सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि हादसे के तुरंत बाद वरना में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। गवाहों का कहना है कि टक्कर के बाद दोनों युवक कार से निकलकर कुछ ही सेकंड में अंधेरे में गायब हो गए। इस वजह से पूरा मामला और भी रहस्यमयी बन गया है।
स्कार्पियो मालिक रेस्टोरेंट में थे
स्कार्पियो के मालिक रोशन सिंह उस समय परिवार के साथ पास के रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे। नीचे पहुंचकर उन्होंने अपनी गाड़ी को राख में बदलते देखा। उनका कहना है कि कुछ ही मिनट पहले गाड़ी छोड़ी थी और इतनी बड़ी घटना की उम्मीद किसी को नहीं थी।

