अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
World News: रूस-यूक्रेन युद्ध का बढ़ता खतरा अब रूस के मुख्य शहरों में स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। बुधवार रात सेंट पीटर्सबर्ग में एक भीषण हादसा सामने आया, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को सकते में डाल दिया। शहर के सबसे बड़े बाजार में कई जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।
इन धमाकों के बाद लगी भीषण आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स आग की लपटों में घिर गया और लगभग पूरी तरह से नष्ट हो गया।
हालांकि धमाकों के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि एक महिला कार्बन मोनोऑक्साइड के कारण बीमार पड़ गई, जबकि एक व्यक्ति आग से बचने के लिए दूसरी मंजिल से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आग की भयावहता को दर्शाते हुए विशाल काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां धमाकों के कारणों की जांच में जुटी हैं।
मास्को पर रिकॉर्ड ड्रोन हमले, हवाई अड्डे बंद
सेंट पीटर्सबर्ग की घटना के कुछ ही समय बाद, रूस की राजधानी मॉस्को में भी हाई अलर्ट की स्थिति बन गई। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने पुष्टि की कि बुधवार रात एयर डिफेंस सिस्टम ने शहर की ओर बढ़ रहे कई ड्रोन्स को निशाना बनाकर मार गिराया।
मेयर के अनुसार, लगभग साढ़े तीन घंटे के भीतर कुल 31 ड्रोन्स को इंटरसेप्ट किया गया। दोपहर में भी एक ड्रोन को गिराया गया था। ड्रोन्स को नष्ट किए जाने के बाद इमरजेंसी टीमें मलबे को इकट्ठा करने में जुट गईं। मेयर ने बताया कि इन ड्रोन हमलों में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान की खबर नहीं है।
बढ़ते खतरे को देखते हुए, एविएशन मंत्रालय ने एहतियातन मॉस्को के सभी हवाईअड्डों पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दीं और कई विमानों को सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया। ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब मॉस्को में नाजी जर्मनी पर जीत की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक बड़े सैन्य परेड का आयोजन किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को कड़े उपाय अपनाने पड़े हैं।

