अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम की तैयारी के बीच कटिहार जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच 31 विषहरी स्थान पर तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बेरिकेट लगाने का काम कर रहे दो मजदूरों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मजदूर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद स्कार्पियो उन्हें कुचलते हुए फरार हो गई।
चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत
हादसे में मजदूर मो. हनीफ (48) और उनका भतीजा मो. गुलजार (24) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मजदूर सीएम नीतीश कुमार के 27 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारी में लगे थे। बताया गया कि समेली प्रखंड कार्यालय के पास मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर लगभग 40 मजदूर देर रात काम कर रहे थे।
गुस्साए मजदूरों ने किया एनएच जाम
दुर्घटना के बाद साथी मजदूर आक्रोशित हो उठे और एनएच 31 को जाम कर दिया। इससे पूर्णिया-बरौनी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मुआवजे की मांग
मृतक मजदूरों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया। दोनों मृतक आपस में चाचा-भतीजा थे। हादसे के बाद मजदूरों ने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। फिलहाल पुलिस फरार स्कार्पियो की तलाश में जुट गई है।

