Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर दो में रविवार देर रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। मस्जिद के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने स्थानीय निवासी मसूद इकबाल को निशाना बनाया। इस हमले में मसूद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना को लेकर मसूद की मां नाजनी परवीन ने बताया कि उनका बेटा साकची में कार पेंटिंग का काम करता है। ईद से दो दिन पहले उसका विवाद बस्ती के ही कुछ युवकों से हुआ था। इस मामले में कदमा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि वही युवक लगातार विवाद को लेकर दबाव बना रहे थे और उसी रंजिश में रविवार रात हमला किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मसूद पर पीठ, कंधे और पेट पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। छापेमारी अभियान जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Share.
Exit mobile version