Ramgarh : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधायक ममता देवी के ससुर स्मृति शेष स्व. सरयु महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दुलमी प्रखंड के होहद गांव स्थित विधायक ममता देवी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. सरयु महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने विधायक ममता देवी और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में उनका ढांढ़स बंधाया।

श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, कई विधायकगण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. सरयु महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।

गौरतलब है कि 20 अक्टूबर 2025 को स्व. सरयु महतो का निधन हो गया था। वे अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र, एक पुत्री और दो पुत्रवधुओं सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. सरयु महतो एक सम्मानित, सरल और समाजसेवी व्यक्ति थे, जिनकी स्मृतियां सदा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

Share.
Exit mobile version