Bihar News: पूर्वी चंपारण के रक्सौल में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोईरिया टोला अंबेडकर चौक स्थित नहर पर बन रहे पुल से बाइक गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान बेतिया के कालीबाग निवासी दानिश जावेद के रूप में हुई है। घायल युवक अमन कुमार, जो बेतिया के हॉस्पिटल रोड का रहने वाला है, की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बेतिया से रक्सौल आ रहे थे। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि यहां पुल निर्माणाधीन है। रात के अंधेरे में बाइक मोड़ते समय वह सीधे नहर में जा गिरे। दानिश के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि अमन नहर में घायल अवस्था में पड़ा रहा।
स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। रक्सौल थानाध्यक्ष विजय कुमार और पुलिस उप निरीक्षक रवि कुमार ने वर्दी उतारकर खुद नहर में छलांग लगाई और बचाव अभियान चलाया। स्वच्छ रक्सौल टीम के रणजीत सिंह व अन्य युवकों ने भी मदद की। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दानिश को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और पुल निर्माण एजेंसी के खिलाफ गुस्सा है। स्वच्छ रक्सौल अध्यक्ष रणजीत सिंह ने इसे ‘नर बलि’ बताते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक मार्ग और बैरिकेडिंग के पुराने पुल को तोड़ दिया गया। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा, दोषियों पर हत्या का मुकदमा और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
उल्लेखनीय है कि यह पुल काठमांडू-दिल्ली सड़क खंड पर 4.98 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। पहले ह्यूम पाइप लगाकर डायवर्शन बनाया गया था, लेकिन बारिश में बह जाने के बाद अब तक कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इस लापरवाही ने एक निर्दोष की जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश है।



