Ranchi News: राजधानी रांची के नागरिकों को रोजमर्रा के भीषण ट्रैफिक जाम से जल्द ही स्थायी राहत मिलने वाली है। खासकर करमटोली से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक का मार्ग, जहां वाहनों का रेंगना आम है, अब वहां की समस्या का स्थायी समाधान निकाल लिया गया है। राज्य सरकार ने 3.216 किलोमीटर लंबे अत्याधुनिक फ्लाईओवर के निर्माण को अपनी स्वीकृति दे दी है।

इस खबर को भी पढ़ें : रांची को मिलेगा तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा, जाम की समस्या होगी खत्म

यह महत्वाकांक्षी परियोजना करमटोली चौक से शुरू होकर साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी चौक तक बनाई जाएगी। इसमें एक विशेष बात यह है कि यातायात को और भी सुगम बनाने के लिए मोरहाबादी तक 516 मीटर का एक आवश्यक लिंक रोड भी शामिल किया गया है।

NH-20 और रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी, CM ने दिया निर्देश

इस फ्लाईओवर के बनने से अल्बर्ट चौक, दिव्यायन चौक, साइंस सिटी और चिरौंदी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस परियोजना को हरी झंडी दिखाते हुए कहा है कि यह निर्माण राजधानी के नागरिकों को निर्बाध और सुगम यातायात का अनुभव देगा।

यह फ्लाईओवर शहर के रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग NH-20 को बेहतर तरीके से जोड़ देगा, जिससे रामगढ़ और हजारीबाग की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। यह गौरतलब है कि सिरम टोली, मेकॉन और रातू रोड पर बने फ्लाईओवरों के बाद, करमटोली से साइंस सिटी तक बनने वाला यह नया फ्लाईओवर रांची के ट्रैफिक प्रबंधन को एक नई दिशा देगा और शहर की गति को और भी तेज़ कर देगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर कार्य योजना को मूर्त रूप देने का निर्देश दिया है।

Share.
Exit mobile version