अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi News: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को होने वाले वनडे मुकाबले ने रांची में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह गर्म कर दिया है। मैच के टिकट की बिक्री सोमवार सुबह 9 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन फैंस का जोश इतना बढ़ गया कि लोग रात होते ही JSCA स्टेडियम के बाहर लाइन में खड़े होने लगे।
रातभर स्टेडियम के बाहर डटे रहे क्रिकेट प्रेमी
फैंस का उत्साह इतना ज्यादा था कि कई युवा रात में ही स्टेडियम पहुंच गए ताकि सुबह की भीड़ से पहले टिकट खरीदा जा सके। कई लोगों ने तो रातभर वहीं बैठकर इंतजार किया। सुबह होते-होते JSCA स्टेडियम के बाहर लंबी कतारें नजर आने लगीं और माहौल किसी बड़े त्योहार जैसा दिखने लगा।
भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने बनाए कड़े इंतजाम
बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने स्टेडियम के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, प्रवेश मार्गों पर निगरानी तेज कर दी गई है और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि आज पूरे दिन फैंस की भारी भीड़ बनी रहने की संभावना है।
टिकट बिक्री के लिए कुल 6 काउंटर, महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था
JSCA स्टेडियम में टिकट वितरण के लिए छह काउंटर बनाए गए हैं। इनमें से एक काउंटर खासतौर पर महिलाओं के लिए रखा गया है ताकि वे आसानी से और बिना किसी परेशानी के टिकट खरीद सकें। प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि भीड़ बढ़ने पर भी व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी। रांची में क्रिकेट के प्रति लोगों की दीवानगी किसी से छिपी नहीं। टीम इंडिया का मैच हो और JSCA स्टेडियम के बाहर लाइन न लगे- यह शायद ही कभी हुआ हो। इस बार भी IND vs SA वनडे ने शहर के फैंस को पहले ही रोमांचित कर दिया है।

