India News: 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को अब इस मामले में कई नए वित्तीय सुराग मिले हैं, जिससे जांच का दायरा और बढ़ गया है।
ईओडब्लू की जांच में खुला बड़ा फर्जीवाड़ा
जांच में खुलासा हुआ है कि धोखाधड़ी की रकम 60 करोड़ तक सीमित नहीं, बल्कि इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। ईओडब्लू ने कंपनी के चार पूर्व कर्मचारियों—सीएफओ, अकाउंटेंट और दो निदेशकों के बयान दर्ज किए हैं। जांच में सामने आया कि निवेशकों का पैसा लगातार राज कुंद्रा से जुड़ी कंपनियों के बीच ट्रांसफर किया जाता था। इन कंपनियों में “बेस्ट डील टीवी”, “स्टेटमेंट मीडिया सॉल्यूशंस (SMS)” और “एसएलएस लॉजिस्टिक” शामिल थीं। ग्राहकों से मिलने वाला पैसा इन कंपनियों के बीच घुमाकर फर्जी खर्च के रूप में दिखाया जाता था, जिससे निवेशकों को भ्रम में रखा गया।
करीबियों के नाम पर चल रहीं कंपनियां
ईओडब्लू अधिकारियों के अनुसार, भले ही एसएमएस और एसएलएस लॉजिस्टिक में राज कुंद्रा का नाम डायरेक्टर के रूप में दर्ज नहीं है, लेकिन इन कंपनियों के डायरेक्टर उनके करीबी लोग हैं। जांच में यह भी पाया गया है कि एसएमएस कंपनी ने कई वेंडरों को वास्तविक भुगतान नहीं किया, जबकि रिकॉर्ड में भुगतान दिखाया गया।
अब एजेंसी इस पूरे लेनदेन का फॉरेंसिक ऑडिट कराने की तैयारी कर रही है, जिससे बैंक खातों और नकद प्रवाह की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिलते ही आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। फिलहाल, राज कुंद्रा के लिए यह मामला और गंभीर होता दिख रहा है।



