अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र से गायब हुए दो मासूम भाई-बहन, अंश और अंशिका की गुमशुदगी का मामला अब एक बेहद चौंकाने वाले मोड़ पर आ गया है। जहाँ एक ओर देश की खाकी इन बच्चों को खोजने के लिए खाक छान रही है, वहीं दूसरी ओर अब ‘राहुल सिंह गैंग’ ने इस मामले में एंट्री मारी है। सोशल मीडिया पर ‘आजाद सरकार’ के नाम से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गैंग ने घोषणा की है कि जो भी इन मासूमों का सही सुराग देगा, उसे 2 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
बिस्किट लेने निकले थे मासूम, फिर नहीं लौटे
इस दुखद कहानी की शुरुआत 2 जनवरी 2026 को हुई थी। धुर्वा के मौसीबाड़ी खटाल के रहने वाले 5 वर्षीय अंश कुमार और 4 वर्षीय अंशिका कुमारी हाथ में चंद सिक्के लेकर घर के पास ही बिस्किट खरीदने निकले थे। किसे पता था कि यह चंद कदम उन्हें अपनों से कोसों दूर ले जाएंगे। घंटों बीत गए, शाम ढल गई, लेकिन बच्चे घर नहीं लौटे। तब से परिजनों की आंखों का आंसू नहीं सूखा है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
17 हजार थानों में गूंजा नाम, फिर भी सुराग नहीं
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा है। सूत्रों की मानें तो देशभर के लगभग 17 हजार थानों को इन बच्चों की तस्वीरें भेजकर अलर्ट मोड पर रखा गया है। रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड और अंतरराज्यीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी है, लेकिन अब तक नतीजा सिफर रहा है।
गैंग की विज्ञप्ति ने बढ़ाई सनसनी
इसी बीच राहुल सिंह गैंग द्वारा जारी विज्ञप्ति ने लोगों को हैरान कर दिया है। संगठन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीरें साझा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्रशासन या उनके संगठन को दें। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आखिर एक आपराधिक संगठन इस मामले में इतनी दिलचस्पी क्यों ले रहा है। क्या यह सहानुभूति है या इसके पीछे कोई और कहानी? शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
इस खबर को भी पढ़ें : कहां गए अंश और अंशिका? अब कैलाश सत्यार्थी की टीम करेगी बच्चों की खोज!

