Patna News: पटना की राजनीति सोमवार को बेहद गर्म रही, जब कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने खुली जीप में सवार होकर रोड शो किया। यह मौका था इंडिया गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन समारोह का, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी। गांधी मैदान की ओर बढ़ते इस रोड शो में राहुल गांधी के साथ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
दरअसल, यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और लगभग दो हफ्ते तक चली। इस दौरान यात्रा ने औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, बेतिया, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा जैसे 23 जिलों का करीब 1300 किलोमीटर लंबा सफर तय किया। यात्रा का मुख्य मकसद था मतदाताओं को अधिकारों और लोकतंत्र की मजबूती का संदेश देना।
गांधी मैदान में आयोजित समापन सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाकपा महासचिव डी राजा और टीएमसी नेता यूसुफ पठान समेत कई बड़े नेता भी शामिल हुए। मंच पर इन नेताओं की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया।
रोड शो के दौरान पटना की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी। लोग राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखे। कार्यकर्ता झंडे लहराते और नारे लगाते हुए रोड शो के साथ गांधी मैदान की ओर बढ़ते नजर आए। यह शो गांधी प्रतिमा से लेकर हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचा, जहां से विपक्ष ने शक्ति प्रदर्शन का संकेत दिया।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह महज एक यात्रा नहीं थी, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल भी है। राहुल गांधी और विपक्षी दलों ने जनता को यह संदेश देने की कोशिश की है कि वे लोकतंत्र, मताधिकार और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पूरी तरह एकजुट हैं। पटना का यह रोड शो सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, बल्कि पूरे इंडिया गठबंधन के लिए ताकत का प्रदर्शन माना जा रहा है।



