अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। जवनपुर गुमटी के पास वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5 बजे दशहरा मेला देखकर लौटते वक्त हुआ।
सभी मृतक एक ही गांव के निवासी
कसबा थाना पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल युवक पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड अंतर्गत चांदपुर भंगहा गांव के रहने वाले थे।
सभी युवक स्थानीय मखाना फैक्ट्री में काम करते थे और दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान जिगर कुमार (14), सिंटू कुमार (13), कुलदीप कुमार (14) और सुंदर कुमार (14) के रूप में हुई है। सभी नाबालिग थे और गांव में गहरा मातम छा गया है।
हादसे की भयावह तस्वीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की गति इतनी तेज थी कि युवकों को संभलने या भागने का मौका ही नहीं मिला। रेल पुलिस और आरपीएफ ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घायलों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच (सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल) में चल रहा है और दोनों की हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया शोक
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकग्रस्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और मृतकों के परिजनों को धैर्य की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
हादसे ने बढ़ाया रेलवे सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक दुर्घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
पूर्णिया जिले में इस बड़े हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। एक ही गांव से चार-चार बच्चों की मौत ने दशहरा की खुशियां मातम में बदल दी हैं।

