अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: पंजाब पुलिस ने आतंक के बड़े मंसूबों पर पानी फेरते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया है। शहीद भगत सिंह नगर जिले के टिब्बा नंगल-कुलार रोड के नजदीक स्थित घने जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर अमृतसर की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर यह संयुक्त अभियान चलाया था। इस सर्च ऑपरेशन में दो आरपीजी (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड), दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस), पांच हैंड ग्रेनेड और एक वायरलेस कम्युनिकेशन सेट बरामद किया गया है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से यह साफ है कि यह हथियार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा यहां किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की नीयत से छिपाकर रखे गए थे। आशंका है कि ISI अपने स्लीपर सेल्स के जरिए पंजाब में फिर से अशांति फैलाने की साजिश रच रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में पंजाब पुलिस ने अमृतसर और बठिंडा से तीन लोगों को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। ऐसे मामलों से यह संकेत मिलते हैं कि ISI द्वारा राज्य में फिर से नेटवर्क मजबूत करने की कोशिशें जारी हैं। बरामद हथियार और उपकरण भी इसी साजिश की गवाही दे रहे हैं।
इस बीच, पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इस केस से जुड़े और भी कई अहम सुराग जल्द मिल सकते हैं। डीजीपी गौरव यादव ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते किसी भी आतंकी मंसूबे को रोका जा सके।

