Jamshedpur news: 77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर संतोष कुमार को सिविल डिफेंस के क्षेत्र में उनके सराहनीय, निष्ठावान एवं विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान दक्षिण पूर्व रेलवे के इतिहास में पहली बार चक्रधरपुर मंडल से किसी सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर को प्रदान किया जा रहा है, जिससे टाटानगर रेल सिविल डिफेंस और जमशेदपुर शहर गौरवान्वित हुआ है।

इंस्पेक्टर संतोष कुमार इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय और रेलवे स्तर के सम्मानों से नवाजे जा चुके हैं। वर्ष 2025 में उन्हें भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा पदक प्रदान किया गया था। इसके अलावा उन्हें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (2024, गार्डन रीच कोलकाता), पीसीएसओ अवार्ड (2022, गार्डन रीच कोलकाता), सीनियर एसडीजीएम अवार्ड (2018), चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक अवार्ड (2002, 2005, 2007) तथा सीनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) भी प्राप्त हो चुके हैं।

राष्ट्रपति पुरस्कार की घोषणा के बाद टाटानगर रेल सिविल डिफेंस कार्यालय में हर्ष का माहौल देखने को मिला। सभी वॉलिंटियर्स ने अपने इंस्पेक्टर को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान कर्तव्य के प्रति निष्ठा, समर्पण और अनुकरणीय सेवा भावना का प्रतीक माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version