Chainpur (Gumla) News: गुमला जिले के आदिवासी समाज के लिए गौरव का क्षण नजदीक आ रहा है। आगामी 30 दिसम्बर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन रायडीह प्रखंड के माझाटोली स्थित पंखर राजे स्व. कार्तिक उरांव जतरा स्थल पर होने जा रहा है। यह दौरा विश्वविद्यालय निर्माण समिति के तत्वावधान में आयोजित एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा है।
राष्ट्रपति के इस गरिमामयी आगमन को भव्य और सफल बनाने के लिए आदिवासी संगठन और स्थानीय ग्रामीण व्यापक प्रचार-प्रसार और तैयारियों में जोर-शोर से जुट गए हैं।
चैनपुर और जारी प्रखंड में रणनीति बैठक, जुटने का आह्वान
कार्यक्रम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और आवश्यक तैयारियों पर चर्चा करने के लिए शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुख्य रूप से चैनपुर एवं जारी प्रखंड के आदिवासी समाज और ग्रामीणों के साथ संपन्न हुई।
बैठक में उपस्थित चुया उरांव, माग उरांव, चौकेंद्र सिंह, मनोहर सिंह, प्रफुल्ल उरांव, दिलीप बड़ाईक, बिमल भगत और राजेंद्र कोरवा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए रणनीति तैयार की। सभी ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रपति का आगमन आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा और यह विश्व विद्यालय निर्माण समिति के प्रयास को भी बल देगा।
नेताओं ने क्षेत्र के लोगों से भारी से भारी संख्या में पंखर राजे स्व. कार्तिक उरांव जतरा स्थल पर जुटने का भावुक आह्वान किया है, ताकि राष्ट्रपति के सामने आदिवासी एकता और उत्साह का प्रदर्शन किया जा सके।



