अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur: भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। बुधवार को कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम और पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोटा ने वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट और निर्धारित रूट लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कदमा स्थित जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर तथा बारीडीह अवस्थित Manipal Tata Medical College परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता और सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आयुक्त को प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कारकेड रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। प्रतिनियुक्त फोर्स और मजिस्ट्रेटों की संयुक्त ब्रीफिंग कर जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी गई हैं। ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग और बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
बुधवार को सोनारी एयरपोर्ट से कदमा और मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज तक अंतिम सुरक्षा रिहर्सल किया गया, जिसमें सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग सहित सभी डीएसपी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा जांच के दौरान कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे रांची से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद कदमा में भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर सभा को संबोधित करेंगी। तत्पश्चात मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं से संवाद और पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगी। लगभग तीन घंटे पचास मिनट के प्रवास के बाद वे अपराह्न 3:50 बजे रांची के लिए प्रस्थान करेंगी।

