अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के भव्य आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आगामी 15 एवं 16 नवंबर 2025 को मोरहाबादी मैदान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड की संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत का संगम देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस न केवल उत्सव का अवसर है, बल्कि यह झारखंड की संस्कृति, जनजीवन और परंपराओं को प्रदर्शित करने का भी महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह के दौरान झारखंड की अस्मिता और लोक संस्कृति की झलक प्रत्येक प्रस्तुति में स्पष्ट रूप से झलके।
बैठक के दौरान मंच, पंडाल, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, अतिथि सत्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आपदा प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएँ उच्च गुणवत्ता की हों और सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए ताकि आम जनता और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री भजंत्री ने कहा कि इस बार के स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में आमजन, अतिथि एवं जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। अतः प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाए और तैयारियों की नियमित समीक्षा करता रहे। उन्होंने यह भी कहा कि समारोह के दौरान झारखंड के लोकनृत्य, हस्तशिल्प, जनजातीय कला एवं परंपराओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा ताकि नई पीढ़ी राज्य की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
बैठक में आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, पीडी आइटीडीए संजय भगत, एडीएम (एसओआर) मोनी कुमारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी और आयोजन एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

