अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के पास गुरुवार सुबह दिनदहाड़े 30 लाख रुपये की लूट हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। हिंदुस्तान लीवर एजेंसी के संचालक और बिष्टुपुर बस्ती रोड नंबर-2 निवासी कारोबारी साकेत अगीवाल के साथ यह वारदात हुई।
आदित्यपुर की ओर भागे लुटेरे, सीसीटीवी फुटेज में हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने से तीन दिन पहले ही कारोबारी की रेकी शुरू कर दी थी। गुरुवार की सुबह जैसे ही साकेत अगीवाल अपने घर से निकले, अपराधियों ने उनका पीछा किया। इनोवा कार में सवार बदमाशों ने गुरुद्वारा के पास गाड़ी रोकी और पीछे से स्कूटी सवार दो लुटेरे निकले। उन्होंने साकेत अगीवाल की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक कर रुपये से भरा बैग छीन लिया और आदित्यपुर की तरफ फरार हो गए।
पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। घटना स्थल और आसपास के करीब 15 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में लुटेरों की हरकत साफ दिखाई दी। इसके अलावा, पुलिस ने सरायकेला और चाईबासा में कई जगह छापामारी की। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि वारदात में शामिल एक अपराधी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था।
पुलिस ने तेज की जांच
पुलिस का मानना है कि कारोबारी की दिनचर्या और पैसे की लेन-देन की जानकारी किसी करीबी व्यक्ति ने अपराधियों को दी होगी। इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम (SIT) अलग-अलग दलों में बंटकर लुटेरों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और 30 लाख रुपये की बरामदगी भी सुनिश्चित की जाएगी। यह वारदात इलाके में सुरक्षा की बड़ी चुनौती के रूप में देखी जा रही है।

