अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे आमजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी जन समस्याओं को रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया।
भेंट के दौरान आमजनों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं से अवगत कराते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के लोहरदगा जिला एवं नगर स्तर के कार्यकर्ताओं ने भी मुलाकात की। इस दौरान संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन, उनकी प्रगति और जमीनी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने सरकार की योजनाओं को आम जनता तक और अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जेएमएम कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संगठन की मजबूती से ही सरकार की नीतियां और कार्यक्रम धरातल पर सफलतापूर्वक लागू हो पाते हैं।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है और विकास व जनकल्याण के कार्यों को और गति दी जाएगी।

