अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
पालकोट/गुमला: पालकोट प्रखंड के टेंगरिया कोनसलता गांव में ग्रामीणों के सहयोग से पारंपरिक पौष मेला हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। मेले की शुरुआत गांव के पहान पुजार द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस दौरान उन्होंने अच्छी फसल, गांववासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए इष्ट देव की आराधना की तथा भगवान इंद्र से गांव को बीमारी, दुख और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के बाद मेला समिति की ओर से ठेठ नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि मनीष कुमार हिंदुस्तान ने फीता काटकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पौष मेला जैसे पारंपरिक आयोजन आदिवासी सभ्यता और सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, एकता और सद्भाव मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं से नशापान से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की तथा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर टेंगरिया गांव के समाजसेवी भूषण सिंह ने कहा कि पौष मेला केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपनी भाषा और संस्कृति को सहेजने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध नागपुरी कलाकार राजदेव नायक, सुनीता कुमारी, मालती देवी सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पालकोट से रोहित कुमार साहू की रिपोट

