Bihar News: बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर अपराध की आग में झुलस उठी है। कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि रविवार देर रात एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। खगौल थाना क्षेत्र में डीएवी स्कूल के पास बाइक सवार अपराधियों ने स्कूल संचालक अजीत कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतक अजीत कुमार की उम्र लगभग 50 वर्ष थी और वे मुस्तफापुर के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। घटना उस समय हुई जब वे किसी कार्य से बाहर निकले थे। तभी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस की टीमें अपराधियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं, हालांकि अब तक हत्यारों की पहचान नहीं हो पाई है। लगातार हो रही हत्याओं से राजधानी के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। यह घटना पुलिस की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।

Share.
Exit mobile version