अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna: पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और संदिग्ध मौत के मामले ने बिहार की राजनीति को गरमा दिया है। घटना को लेकर एनडीए सरकार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी पटना में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इनकम टैक्स गोलंबर पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने किया। उन्होंने कहा कि एनडीए शासन में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही बच्चियां तक सुरक्षित नहीं हैं। राजधानी पटना में यदि छात्राएं असुरक्षित हैं, तो राज्य के बाकी जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने में लगी है और प्रशासन की कार्रवाई संदेह के घेरे में है।
कृष्णा अल्लावारू ने एफआईआर दर्ज करने में देरी, हॉस्टल संचालिका से पूछताछ के बाद छोड़ देने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है और कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
इस खबर को भी पढ़ें : केंद्र सरकार के खिलाफ झामुमो का हल्लाबोल, बोकारो में गूंजे जनविरोधी कानून वापस लो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पटना जैसे पॉश इलाके में इतनी गंभीर घटना हो जाती है, लेकिन पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने शंभू गर्ल्स हॉस्टल मामले में हॉस्टल संचालक अग्रवाल दंपत्ति और उनके बेटे की गिरफ्तारी न होने पर भी सरकार से जवाब मांगा। साथ ही अस्पताल प्रशासन पर साक्ष्य मिटाने के आरोप लगाते हुए अस्पताल को सील न किए जाने पर भी सवाल खड़े किए।
विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता मदन मोहन झा ने जांच की रफ्तार पर सवाल उठाते हुए कहा कि या तो जांच जानबूझकर धीमी की जा रही है या फिर मामले को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार रसूखदार आरोपियों को बचाने की कवायद में जुटी है।
कांग्रेस के प्रभारी सचिव शाहनवाज़ आलम और सुशील कुमार पासी ने भी प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष है, तो गिरफ्तारी में इतनी देरी क्यों हो रही है। सरकार को यह भरोसा दिलाना होगा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं, चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

