Patna News: पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार का दिन यात्रियों के लिए भारी परेशानी लेकर आया। पिछले कई दिनों से जारी फ्लाइट रद्द होने की समस्या सोमवार को चरम पर पहुंच गई, जब इंडिगो एयरलाइन की एक-दो नहीं, बल्कि कुल 24 उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं। इस अप्रत्याशित कैंसिलेशन का सीधा असर हजारों यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें भारी मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
इंडिगो ने हमेशा की तरह वही पुराना कारण ‘ऑपरेशनल इश्यू’ बताकर कैंसिलेशन की पुष्टि कर दी, लेकिन यात्रियों को इससे होने वाली भारी असुविधा का कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। रद्द की गई उड़ानों में 10 इनबाउंड और 14 आउटबाउंड शामिल थीं, जिससे दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता रूट सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
कनेक्टिंग फ्लाइट छूटी, मानसिक तनाव बढ़ा
रद्द हुई उड़ानों पर निर्भर लोग सुबह 6 बजे से ही डोमेस्टिक टर्मिनल पर लंबी कतारों में खड़े थे। कई यात्रियों ने तीन-चार घंटे तक इंतजार करने के बाद कैंसिलेशन की जानकारी मिलने पर गहरी नाराजगी जताई। सबसे अधिक दिक्कत उन यात्रियों को हुई जिनकी दिल्ली या हैदराबाद से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं। अचानक कैंसिलेशन के कारण कई लोगों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई।
विदेश में पढ़ने वाले छात्रों, कामकाजी लोगों और मरीजों को भारी मानसिक दबाव झेलना पड़ा। सरकार द्वारा हवाई किराया नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए जाने के बावजूद, दूसरी एयरलाइंस में तत्काल टिकट दोगुनी-तिगुनी कीमत पर मिल रहे थे, जिससे यात्रियों को कोई खास राहत नहीं मिली।
अगली उड़ान के लिए होटलों का सहारा
कई परिवारों को मजबूरी में होटलों का खर्च उठाना पड़ा, क्योंकि अगली उड़ानें अगले दिन या उससे भी आगे की उपलब्ध थीं। बुजुर्ग और महिलाएँ घंटों इंतजार में परेशान रहीं। इंडिगो ने एक संक्षिप्त नोट जारी कर यात्रियों को रिफंड, री-बुकिंग या क्रेडिट शेल की सुविधा देने की बात कही है। पटना से बड़े रूटों पर लगातार उड़ानों का रद्द होना इस बात का संकेत है कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी, तो आने वाले दिनों में यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।



