India News: पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2018 में शुरू किए गए बहुचर्चित कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का 9वां संस्करण एक बार फिर लाखों छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को प्रेरित करने के लिए तैयार है। यह कार्यक्रम हर साल बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले आयोजित होता है, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के तनाव से बाहर निकालना और डर को आत्मविश्वास में बदलना है।
यह कार्यक्रम अब सिर्फ एक संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है, जहां पीएम मोदी सीधे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सवालों का जवाब देते हैं और उन्हें जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए व्यावहारिक सुझाव देते हैं।
11 जनवरी अंतिम तारीख: क्यों करना चाहते हैं करोड़ों लोग रजिस्ट्रेशन?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम जनवरी के आखिर या फरवरी की शुरुआत में होने की उम्मीद है। पीएम मोदी का स्पष्ट संदेश रहा है कि परीक्षा को जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं मानना चाहिए, बल्कि इसे उत्सव के रूप में देखना चाहिए।
इस वर्ष के संस्करण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही मॉयजीओवी (MyGov) प्लेटफॉर्म पर आवेदनों की बाढ़ आ गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रजिस्ट्रेशन विंडो खुलने के कुछ ही हफ्तों में 8,00,000 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। पिछले संस्करणों में यह संख्या करोड़ों तक पहुँच चुकी थी, और उम्मीद की जा रही है कि इस साल भी यह रिकॉर्ड टूटेगा।
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्र, उनके शिक्षक और अभिभावक, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मॉयजीओवी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन मोड में 11 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है ताकि देश के दूरदराज के क्षेत्रों से भी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।



