अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: छात्रों में परीक्षा के डर को खत्म कर उन्हें ‘एग्जाम वॉरियर्स’ बनाने के मिशन के तहत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में से एक ‘परीक्षा पे चर्चा’ (PPC) के 9वें संस्करण के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। यह मंच छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को सीधे पीएम मोदी के साथ परीक्षा के स्ट्रेस, करियर और जीवन के कई पहलुओं पर संवाद करने का अनमोल अवसर प्रदान करता है।
रिकॉर्ड तोड़ तैयारी! पीएम मोदी के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026
‘परीक्षा पे चर्चा’ में भाग लेने के लिए चयन की प्रक्रिया बेहद पारदर्शी और योग्यता आधारित रखी गई है। इसमें शामिल होने के इच्छुक कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र, शिक्षक और अभिभावक मॉयजीओवी पोर्टल पर आयोजित बहुविकल्पीय प्रश्न प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में सफलता ही पीएम मोदी से डायरेक्ट बातचीत का मौका देती है।
17 लाख से अधिक पंजीकरण, 11 जनवरी 2026 है अंतिम तिथि
पीपीसी 2026 के 9वें संस्करण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 1 दिसंबर, 2025 को शुरू हुई थी और इसकी अंतिम तिथि 11 जनवरी, 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आँकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 18,78,098 उम्मीदवार इस कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जिनमें अकेले 17 लाख से ज़्यादा छात्र शामिल हैं। यह संख्या इस कार्यक्रम की लोकप्रियता को दर्शाती है।
इस खबर को भी पढ़ें : पीएम मोदी से सीधे सवाल! ‘परीक्षा पे चर्चा’ में क्या पूछेंगे लाखों छात्र?
पीएम मोदी के साथ लाइव प्रोग्राम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों का चयन किसी आवेदन या सिफारिश के आधार पर नहीं, बल्कि केवल इस ऑनलाइन प्रतियोगिता के जरिए किया जाता है। चयनित प्रतिभागियों को न सिर्फ अपनी दुविधाएं दूर करने का मौका मिलता है, बल्कि उन्हें एनसीईआरटी की तरफ से एक खास प्रमाण पत्र भी मिलता है, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। पिछले संस्करणों के कुछ विजेताओं को पीएम मोदी द्वारा लिखी गई ‘एग्जाम वॉरियर्स’ पुस्तक और एक विशेष ‘किट’ भी दी गई थी।
‘परीक्षा पे चर्चा’ का आठवां संस्करण (2025) अपनी वैश्विक भागीदारी के कारण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बना चुका है। इसमें 245 से अधिक देशों के छात्रों ने हिस्सा लिया था। अब देखना यह होगा कि इस साल पंजीकरण का यह बढ़ता हुआ उत्साह पिछले संस्करण के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ पाता है या नहीं।

