India News: नई दिल्ली से श्रीनगर जा रहे IndiGo के विमान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यह जम्मू-कश्मीर के ऊपर पहुंचते ही भीषण आंधी और ओलावृष्टि की चपेट में आ गया। इस विमान में तृणमूल कांग्रेस का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी यात्रा कर रहा था। मौसम की भयावहता के बीच, पायलट ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए विमान को श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया।

तेज तूफान और बड़े-बड़े ओलों की बौछार ने विमान को हिला कर रख दिया। यात्री खिड़कियों पर ओले गिरते देख घबरा गए। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह विमान बुरी तरह हिल रहा था। स्थिति बिगड़ते देख पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर आपात स्थिति घोषित की और शाम करीब 6:30 बजे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

इस विमान में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री मानस भुइयां, राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, सांसद ममता बाला ठाकुर, सांसद नादिमुल हक और पत्रकार से नेता बनीं सागरिका घोष मौजूद थीं। लैंडिंग के बाद सागरिका घोष ने कहा, “ऐसा लग रहा था कि जीवन समाप्त हो जाएगा। पायलट को सैल्यूट, जिन्होंने हमें ज़मीन पर सुरक्षित उतारा।” उन्होंने यह भी बताया कि विमान की नाक पर गहरी क्षति हुई है।

यह प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर कश्मीर दौरे पर गया है। उनका उद्देश्य पाकिस्तान की गोलीबारी से प्रभावित कश्मीरी इलाकों का दौरा कर पीड़ित नागरिकों से मिलना और उनकी समस्याओं को समझना है। बुधवार शाम को प्रतिनिधिमंडल ने श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला से मुलाकात की। उमर अब्दुल्ला ने ममता बनर्जी का आभार जताया और कहा कि उनकी संवेदनशीलता काबिल-ए-तारीफ है।

गुरुवार को यह प्रतिनिधिमंडल श्रीनगर से सड़क मार्ग द्वारा पुंछ के लिए रवाना हो गया, जो कि नियंत्रण रेखा के पास स्थित एक संवेदनशील क्षेत्र है। दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट ममता बनर्जी को सौंपेगा।

Share.
Exit mobile version