अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के जमारी गांव में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। 13 साल की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में 40 वर्षीय एक पोकलेन ड्राइवर की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी ड्राइवर का बयान दर्ज किया है। नाबालिग बच्ची को भी मेडिकल जांच के लिए भेजने की तैयारी चल रही है।
आरोपी ड्राइवर की पहचान बिहार के हाजीपुर जिले के मतेया निवासी राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई है। राहुल कुमार सिंह पांडू से नावा बाजार के बीच सड़क निर्माण का काम कर रही पूजा कंस्ट्रक्शन कंपनी में पोकलेन चलाता है। यह घटना शुक्रवार देर रात कुंभीकला कंस्ट्रक्शन कैंप से लगभग दो किलोमीटर दूर जमारी गांव में हुई।
बताया जा रहा है कि पोकलेन ड्राइवर राहुल कुमार सिंह ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किया और उसके बाद उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसके घर छोड़ने जा रहा था। जब वे गांव पहुंचे, तो लड़की ने स्थानीय लोगों को आपबीती बताई। दुष्कर्म की बात सुनकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने ड्राइवर को घेर लिया। देखते ही देखते लगभग 30 से 40 की संख्या में ग्रामीणों ने राहुल कुमार सिंह की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
यह घटना देर रात लगभग 2 बजे हुई, जिसकी जानकारी कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर को बाद में मिली। सूचना मिलते ही सुपरवाइजर और कंपनी के अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल अवस्था में पड़े ड्राइवर को वहां से उठाया और उसकी जान बचाने के लिए उसे थाने ले गए। शनिवार सुबह लगभग छह बजे राहुल कुमार सिंह को इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उसका इलाज किया गया है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों की पिटाई से ड्राइवर के दोनों कंधों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की बात कही है जिन्होंने कानून अपने हाथ में लिया। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। नाबालिग बच्ची की मेडिकल जांच और बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

