अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम सुरक्षाबलों और भाकपा माओवादी के कुख्यात दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें नक्सली कमांडर तुलसी भुइयां मारा गया। यह मुठभेड़ देर रात से शुरू होकर मंगलवार सुबह तक जारी रही। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली है और सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के कुख्यात नक्सली नितेश यादव के दस्ते से आमना-सामना हुआ। इस दौरान पुलिस को तुलसी भुइयां का शव और एक एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल) बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली नितेश यादव को भी गोली लगी है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन सहित पुलिस और अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी मंगलवार सुबह से ही इलाके में कैंप कर रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान माओवादी नितेश यादव के साथ उसके दस्ते के करीब छह अन्य कैडर मौजूद थे। इस दस्ते में 10 लाख का इनामी संजय गोदराम भी शामिल बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नितेश यादव पिछले 15 वर्षों से झारखंड और बिहार पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उस पर कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं और सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
इस कार्रवाई से नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान जारी है।
इस खबर को भी पढ़ें : पलामू में 15 लाख के इनामी नक्सली नीतेश यादव के दस्ते से मुठभेड़, जंगल में भागे नक्सली

