Ranchi News: पलामू जिले के मनातू क्षेत्र के केदल जंगल में उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में दो बहादुर जवानों – संतन मेहता और सुनील राम – के शहीद होने पर पूरे झारखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने वीर जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने लिखा कि मरांग बुरु दिवंगत वीर जवानों की आत्मा को शांति दें और ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस दुखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने घायल जवान रोहित कुमार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

वहीं, भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शहादत को सलाम किया। उन्होंने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। समाज और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया है, उनके प्रति पूरा समाज हमेशा कृतज्ञ रहेगा।

जवानों की शहादत पर राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक गहरा दुख देखा जा रहा है। हर कोई इन वीरों के परिवारों के साथ खड़ा है। इस मुठभेड़ ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बल किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।

Share.
Exit mobile version