अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: पाकिस्तान एक बार फिर अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया। बीती रात कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। लेकिन भारतीय सेना के बहादुर जवानों ने तुरंत और करारा जवाब दिया। नतीजा यह हुआ कि कुछ ही देर में सीमा पार खामोशी छा गई और पाक सैनिकों की दोबारा फायरिंग करने की हिम्मत नहीं हुई।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार शाम को लीपा घाटी में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोलियां बरसाईं। हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और न ही कोई आधिकारिक पुष्टि हुई है। लेकिन भारतीय सेना की तत्परता ने पाकिस्तान को मजबूर कर दिया कि वह फायरिंग बंद करे।
उधर, जम्मू क्षेत्र में भी पाकिस्तान की ओर से हरकतें जारी रहीं। आरएसपुरा सेक्टर के जजोवाल गांव के पास शनिवार शाम करीब सात बजे भारतीय सीमा में एक पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद बीएसएफ के जवान अलर्ट हो गए और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। बॉर्डर आउटपोस्ट चकरोई और जुगनूचक क्षेत्रों में बीएसएफ की टीमें रातभर सक्रिय रहीं।
ड्रोन की गतिविधियों को देखते हुए अनंतनाग जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से सभी तरह के ड्रोन, यूएवी और हवाई उपकरणों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए जरूरी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 16 सितंबर को बीएसएफ ने सीमा पार से संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान जवानों ने बाड़ के पास से एके-47 राइफल और एक मैगजीन बरामद की थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी संगठन पाकिस्तान की मदद से सीमा पार से हथियार और ड्रग्स भेजने की कोशिश कर रहे हैं।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए सुरक्षाबलों ने अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है ताकि कोई आतंकी बचकर भाग न सके। इसके साथ ही हवाई निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर और ड्रोन तैनात कर दिए गए हैं। उधमपुर और डोडा इलाकों में भी तलाशी अभियान जारी है, जिसमें खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है।
भारतीय सेना और बीएसएफ की सतर्कता के चलते पाकिस्तान की हर साजिश नाकाम हो रही है। सुरक्षा एजेंसियां साफ कर चुकी हैं कि किसी भी कीमत पर देश की सीमा पार से घुसपैठ या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

