अपनी भाषा चुनेें :
गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, गुमला द्वारा आज मंगलवार को नगर भवन परिसर, गुमला में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक संचालित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो, श्रम अधीक्षक-सह-जिला कौशल विकास पदाधिकारी गुमला एवं जिला नियोजन पदाधिकारी गुमला के संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि एवं अन्य पदाधिकारियों को जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की द्वारा स्वागत पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
रोजगार मेला में गुमला एवं झारखंड राज्य की कुल 16 प्रतिष्ठित कम्पनियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में कुल 527 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 321 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया तथा 107 युवक-युवतियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त गुमला द्वारा 10 चयनित अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
उप विकास आयुक्त गुमला ने अपने संबोधन में जिला नियोजनालय एवं कौशल विकास पदाधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं को बेहतर रोजगार अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने उपस्थित युवाओं को जिला नियोजनालय में निबंधन कराने, प्रत्येक तीन माह में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों का लाभ उठाने तथा कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य के विभिन्न जिलों में कार्य करने का अवसर प्राप्त होता है, जिससे वे अपनी शिक्षा जारी रखते हुए भी रोजगार प्राप्त कर सुरक्षित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
रोजगार मेला को सफल संचालन में जिला नियोजनालय के यंग प्रोफेशनल रवि कुमार गहलोत, उ.व. लिपिक प्रवीण सुरीन, परियोजना सहायक अखिल केरकेट्टा एवं सहयोगी टीम के विजय लकड़ा, संदीप राम, कृष्णा राम, मंजूला लकड़ा, सीता कुमारी एवं शैलेन्द्र साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गुमला जिला प्रशासन युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु निरंतर ऐसे उपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

