अपनी भाषा चुनेें :
चैनपुर: 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर, चैनपुर प्रखंड और इसकी सभी 10 पंचायतों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम ग्रामीणों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी आस्था और निष्ठा व्यक्त करते हुए सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण की।प्रखंड मुख्यालय में स्थित बीआरसी कार्यालय के समीप मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां प्रखंड के वरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना को पढ़कर शपथ ली। “इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को संविधान के महत्व, उसके मूल्यों, और उसमें निहित आदर्शों के प्रति जागरूक करना था।”इस शपथ ग्रहण समारोह में बीपीओ सतेंद्र कुमार, जनसेवक, पंचायत सेवक,राजस्व कर्मचारी, और प्रखंड कार्यालय के अन्य कर्मचारी तथा पदाधिकारीगण शामिल रहे।
पंचायतों में मुखिया की अगुवाई में लिया गया संकल्प
प्रखंड मुख्यालय के अतिरिक्त, प्रखंड की सभी पंचायत भवनों में मुखिया की अगुवाई में भी संविधान दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया गया।पंचायतों में शपथ ग्रहण के दौरान भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।पंचायत के मुखिया, सचिव, रोजगार सेवक, प्रज्ञा केंद्र संचालक, और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर संविधान के मूल सिद्धांतों – न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व – को बनाए रखने और उनका पालन करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान निर्माण के इतिहास और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के अमूल्य योगदान पर भी प्रकाश डाला। यह कार्यक्रम प्रखंड और पंचायत स्तर पर संवैधानिक जागरूकता को बढ़ाने और लोगों को उनके मौलिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशील बनाने में सफल रहा।

