अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार में विधानसभा चुनावी जंग का बिगुल बज चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार से एनडीए के प्रचार अभियान का शंखनाद कर दिया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर को जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से औपचारिक रूप से एनडीए के प्रचार की शुरुआत करेंगे।
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि पहले चरण के प्रचार अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर को समस्तीपुर और बेगूसराय की जनसभाओं से एनडीए के चुनावी अभियान को नई दिशा देंगे।
एनडीए रणनीति: विकास और सुशासन पर फोकस
जायसवाल ने कहा कि भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता — केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई प्रमुख नेता — बुधवार और गुरुवार से बिहार में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। एनडीए का पूरा फोकस विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के संदेश पर रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार ने पिछले कार्यकाल में ‘जंगलराज’ समाप्त कर बिहार में कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार भी विकास और स्थिरता के लिए एनडीए सरकार को भारी बहुमत से वापस लाएं।
पीएम मोदी करेंगे जननायक को नमन
जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी स्वयं कर्पूरी ठाकुर के गांव जाकर उनके आदर्शों को नमन करेंगे और बिहार में सुशासन संदेश देंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता इस बार भी एनडीए को पूर्ण बहुमत से सत्ता में लौटाएगी।

