Bihar News: सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नालंदा जिले के राजगीर खेल अकादमी एवं खेल विश्वविद्यालय में कई नवनिर्मित खेल संरचनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, तथा हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का भी उद्घाटन कर उनके संचालन की जानकारी ली।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों का निरीक्षण
इसके साथ ही सीएम ने बिहार पुलिस अकादमी का भी दौरा किया और वहां पासिंग आउट परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस वर्दी सिलाई कर रहीं जीविका दीदियों से मुलाकात की और उनके काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस अकादमी का निर्माण बेहद आधुनिक ढंग से किया गया है और यहां प्रशिक्षण की सुविधाएं सराहनीय हैं।
नीतीश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण कार्य को बेहतर बनाते हुए इसे नियमित रूप से अपडेट किया जाए, ताकि पुलिस बल की दक्षता में निरंतर सुधार हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार की खेल और पुलिस दोनों संस्थाएं आने वाले समय में देशभर में अपनी पहचान मजबूत करेंगी।



