Bihar News: सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार के विकास में एक और मील का पत्थर जोड़ते हुए पटना जिले के कच्ची दरगाह और वैशाली जिले के बिदुपुर के बीच बने 6 लेन के गंगा पुल का उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होते ही राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को पूरे साल राजधानी पटना से सड़क संपर्क मिलने लगा है। इससे पहले इस क्षेत्र में नाव ही एकमात्र विकल्प था।
बिहटा से वैशाली तक अब आसान सफर, महात्मा गांधी सेतु पर घटेगा दबाव
सीएम ने उद्घाटन के दौरान कहा कि यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग बनेगा, जिससे महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा और पटना शहर में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पटना के पूर्वी इलाके के लोग और अन्य बाहरी वाहन अब शहर में प्रवेश किए बिना ही उत्तर बिहार जा सकेंगे।
राघोपुर के लिए वरदान, अब हर मौसम में संपर्क संभव
पूर्व में राघोपुर जैसे दियारा क्षेत्रों में नाव से ही पहुंचा जा सकता था, लेकिन इस पुल के जरिए अब वहां हर मौसम में संपर्क संभव है। सीएम ने कहा कि इससे कृषि, उद्योग और स्वास्थ्य सेवाओं सहित जीवन के हर क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।
जेपी गंगापथ से सीधा जुड़ाव, निरीक्षण में दिए निर्देश
सीएम ने दीदारगंज स्थित उस लिंक पथ का भी निरीक्षण किया जो जेपी गंगापथ को इस नए गंगा पुल से जोड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कनेक्टिविटी कार्य को एक महीने के भीतर पूरा किया जाए, जिससे यातायात और भी सुगम हो सके।
4,988 करोड़ रुपये की लागत, 19.76 किमी लंबी परियोजना
यह पुल कुल 19.76 किलोमीटर लंबी ग्रीन फील्ड परियोजना का हिस्सा है, जिसमें 9.76 किमी पुल और 10 किमी पहुंच पथ शामिल हैं। इस परियोजना की कुल लागत ₹4,988 करोड़ है। पहला चरण – कच्ची दरगाह से राघोपुर तक – अब पूरी तरह से तैयार है, जबकि दूसरे और तीसरे चरण के कार्य भी प्रगति पर हैं।
85% कार्य पूर्ण, शेष जल्द होगा पूरा
दूसरे चरण में हाजीपुर-महनार पथ से चकसिकंदर तक सड़क निर्माण किया जा रहा है, जबकि तीसरे चरण में राघोपुर से हाजीपुर-महनार पथ तक कनेक्टिविटी दी जा रही है। अब तक परियोजना का 85% कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य में तेजी लाई जा रही है।
उपस्थित रहे कई वरिष्ठ नेता
इस लोकार्पण समारोह में उपसीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



