अपनी भाषा चुनेें :
U.P. News: भोजपुरी दुनिया की चर्चित लोकगायिका आवाज़ नेहा सिंह राठौर इन दिनों एक बड़े विवाद में फंस गई हैं। पहलगाम आतंकी हमले पर सोशल मीडिया पर की गई भड़काऊ टिप्पणी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा है। यूपी पुलिस लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है लेकिन वह अभी तक सामने नहीं आई हैं।
जांच तेज, वाराणसी पुलिस ने फ्लैट पर चस्पा किया नोटिस
वाराणसी के लंका थाने में दर्ज FIR के बाद पुलिस सोमवार को नेहा के लखनऊ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी वाले फ्लैट पर पहुंची। दरवाज़ा बंद मिला तो टीम ने दरवाज़े पर नोटिस चिपका दिया। पुलिस का कहना है कि नेहा को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन वह अब तक अपना बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचीं।
लखनऊ हजरतगंज पुलिस भी कर चुकी दो बार समन
इसी मामले में लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी शिकायत दर्ज है। पुलिस ने दो बार पूछताछ के लिए समन भेजा, मगर नेहा पेश नहीं हुईं। इधर नेहा ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई है, लेकिन कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित भी नहीं हुईं। स्रोतों की मानें तो दोनों शहरों की पुलिस टीमें लगातार उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही हैं और जल्द उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की संभावना है।
नेहा का विवादों से पुराना रिश्ता, इस बार मामला गंभीर
नेहा सिंह राठौर अक्सर अपने गानों, रीलों और पोस्ट्स के ज़रिए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलती रही हैं। इसी बेबाकी के कारण वह कई बार विवादों और FIR का सामना कर चुकी हैं। लेकिन इस बार मामला बेहद संवेदनशील है—पहलगाम हमले जैसे आतंकी मुद्दे पर भड़काऊ टिप्पणी, जिसे लेकर पुलिस किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। सूत्रों का कहना है कि नेहा का फोन अभी बंद है और वह घर–परिवार से भी संपर्क में नहीं हैं। पुलिस उनके पुराने ठिकानों, रिश्तेदारों और सहयोगियों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस की चिंता – सोशल मीडिया प्रभाव वाला चेहरा, मामला संवेदनशील
अधिकारियों का कहना है कि नेहा के सोशल मीडिया पर बड़ी फॉलोइंग होने के कारण उनके बयान का जनमानस पर असर पड़ता है। ऐसे में जांच में देरी या गायब रहना उनके खिलाफ स्थिति और कठिन बना रहा है।

