अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा, हजारीबाग में बंद एक नक्सली विचाराधीन कैदी ने शनिवार सुबह आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय छोटा श्यामलाल देहरी उर्फ संतु देहरी उर्फ सोमालाल देहरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, वह नक्सली गतिविधियों से जुड़े आठ मामलों में आरोपी था और 9 फरवरी 2021 को दुमका जेल से हजारीबाग जेल में स्थानांतरित किया गया था। शनिवार सुबह कैदियों की गिनती के दौरान वह अपने स्थान पर नहीं मिला, जिसके बाद खोजबीन की गई। इसी दौरान वार्ड ‘डी’ में उसका शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही जेल के चिकित्सक मौके पर पहुंचे और मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। वहीं, जेल प्रशासन ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग समेत सभी संबंधित विभागों को सूचना दे दी है और मृतक के परिजनों को भी सूचित किया गया है।
गौरतलब है कि इसी जेल में कुछ दिन पहले भी एक सजायाफ्ता कैदी ने आत्महत्या कर ली थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

