अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: नवादा जिले के काजीचक गांव में चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक परिवार ने दूसरी पार्टी को वोट दिया, जिससे नाराज समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। यह घटना 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है, और 12 नवंबर को इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। हमले में गांव के रामोतार गंभीर रूप से घायल हुए, उनके सिर पर लाठी मारे जाने से गहरा जख्म हो गया। वहीं उनके बेटे और पत्नी को भी पीटा गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी जयकरण को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहले से भी आपराधिक पृष्ठभूमि बताई जा रही है।
स्कार्पियो में पहुंचे हमलावर, सिर पर लाठी मारकर किया लहूलुहान
रामोतार ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि वे लोग मतदान के बाद घर लौट रहे थे, तभी जयकरण और उसके साथी स्कार्पियो से आए। पहले गाली-गलौज हुई, फिर बात बढ़ते ही जयकरण ने लाठी से हमला कर दिया। लाठी सीधे रामोतार के सिर पर मारी गई, जिससे उनका सिर फट गया। जब उनके बेटे और पत्नी ने बचाने की कोशिश की, तो उन्हें भी पीटा गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास, पुलिस ने कहा—किसी को छोड़ा नहीं जाएगा
पुलिस जांच में वीडियो सत्यापित होने के बाद आरोपी जयकरण को गिरफ्तार कर लिया गया। वह रोह थाना क्षेत्र के सुंदरा गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं। पीड़ित परिवार ने बताया कि जयकरण अक्सर गांव में दबंगई करता है और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
वीडियो सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग चुनावी हिंसा को लेकर चिंतित हैं।

