अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर (गुमला)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा शनिवार को संत अन्ना गर्ल्स हाई स्कूल, चैनपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस परीक्षा में चैनपुर, डुमरी और जारी प्रखंडों के सरकारी व निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
परीक्षा केंद्र पर तीनों प्रखंडों से कुल 425 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। चैनपुर प्रखंड से पंजीकृत 218 विद्यार्थियों में से 198 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं डुमरी प्रखंड में 198 में से 155 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। जारी प्रखंड से पंजीकृत 80 विद्यार्थियों में से 72 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
प्रवेश परीक्षा पूर्वाह्न 11:30 बजे प्रारंभ हुई और अपराह्न 1:30 बजे तक चली। दो घंटे की इस परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर पूर्ण अनुशासन और शांति बनी रही। परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र पर प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, बीआरसी के बीपीओ सतेंद्र कुमार तथा पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी लगातार की गई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।
परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभिभावकों में भी बच्चों को लेकर उत्साह देखने को मिला। नवोदय विद्यालय में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता रही। प्रशासनिक सहयोग और शिक्षकों की सक्रिय भूमिका से प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

