Bihar News: शादी की खुशी मातम में तब्दील हो गई जब बारात लेकर निकला दूल्हा बहू की डोली लाने की बजाय अपने पिता की डेड बॉडी लेकर घर लौट आया। यह दर्दनाक हादसा बिहार शरीफ-बरबीघा मार्ग के बेनार गांव के पास हुआ।
शेखपुरा जिले के कुसुम्भा गांव से बारात नालंदा आई थी। लेकिन जैसे ही बारात बेनार गांव के समीप पहुंची, सभी लोग सड़क किनारे पानी पी रहे थे कि तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बारातियों को कुचल दिया। इस हादसे में दूल्हे के पिता कुसो बिंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घायलों की पहचान विकास बिंद, विक्रम बिंद, मिथलेश बिंद, पप्पू बिंद, मोहित कुमार, समर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। इन सभी को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेश कुमार गुप्ता ने बताया कि स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े बारातियों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौत और कई लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को विम्स और कुछ को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे ने शादी के माहौल को पूरी तरह गम में बदल दिया। घर में जहां डोली आने की तैयारी थी, वहां जनाज़ा निकल गया। परिजन और गांव वाले स्तब्ध हैं और शोक की लहर फैली हुई है। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे की जांच जारी है।



