India News: मुंबई के ओशिवारा इलाके में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक राइटर-डायरेक्टर और एक स्ट्रगलिंग मॉडल के घर पर अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। यह घटना ओशिवारा स्थित नालंदा सोसायटी की है, जहां अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार, नालंदा सोसायटी की दूसरी मंजिल पर रहने वाले राइटर-डायरेक्टर नीरज कुमार मिश्रा (45) और चौथी मंजिल पर रहने वाले स्ट्रगलिंग मॉडल प्रतीक बैद (29) के फ्लैट में गोली लगने के निशान मिले हैं। दोनों ही घरों की दीवारों और फर्श पर फायरिंग के स्पष्ट सबूत पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हमला सीधे इन्हीं फ्लैट्स को निशाना बनाकर किया गया।

इस खबर को भी पढ़ें : अभिनेता सैफ अली खान मामले में कोर्ट ने आरोपी को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

घटना की सूचना मिलते ही Mumbai Police की ओशिवारा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि फायरिंग किसने की और इसका असली निशाना कौन था।

डीसीपी जोन-9 Dixit Gedam ने बताया कि नालंदा बिल्डिंग की दूसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट में एक-एक गोली लगी है, लेकिन किसी भी निवासी को चोट नहीं पहुंची है। वहीं वेस्ट रीजन के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त Paramjit Singh Dahiya ने बताया कि घटनास्थल से दो प्रोजेक्टाइल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दीवार और एक लकड़ी के केस पर भी गोली के निशान मिले हैं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग एंगल से जांच कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और हर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Share.
Exit mobile version