अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi: खेल के मैदान पर अपनी गजब की फुर्ती के लिए मशहूर महेंद्र सिंह धोनी रांची की सड़कों पर अपनी रफ्तार को लेकर कानून के घेरे में आ गए हैं। बुधवार (4 मार्च) को रांची ट्रैफिक पुलिस ने ओवरस्पीडिंग के आरोप में पूर्व कप्तान धोनी का चालान काटा। जानकारी के अनुसार, यह घटना शहर के कांके क्षेत्र की है, जहां लगे हाई-टेक कैमरों ने उनकी कार की रफ्तार को कैद किया।
Read more: रांची की सड़कों पर ‘कैप्टन कूल’ का नया अंदाज़, धोनी की नई कार ने मचाया धमाल
काले रंग की मर्सिडीज और 1,000 रुपये का जुर्माना— ट्रैफिक विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, धोनी अपनी काले रंग की मर्सिडीज कार से जा रहे थे। ई-चालान प्रणाली के तहत उनकी गाड़ी की गति निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत उन पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के पालन के मामले में कानून सबके लिए बराबर है।
नोटिस का ‘डबल अटैक’: हाउसिंग बोर्ड ने भी घेरा— धोनी के लिए मुश्किलें सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं हैं। हाल ही में झारखंड राज्य हाउसिंग बोर्ड ने भी उन्हें एक ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है।
-
विवाद: रांची की हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित उनके आवासीय प्लॉट (HIG-10/A) पर कथित तौर पर व्यावसायिक गतिविधि (पैथोलॉजी लैब) चलाने का आरोप है।
-
समय सीमा: बोर्ड ने धोनी से 15 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है कि आवासीय प्लॉट का कमर्शियल उपयोग क्यों किया जा रहा है।
गाड़ियों के शौकीन हैं माही— धोनी को रांची की सड़कों पर अक्सर अपनी विंटेज कारों और सुपरबाइक्स के साथ देखा जाता है। उनके पास जीप ग्रैंड चेरोकी ट्रैकहॉक, निसान जोंगा और मर्सिडीज बेंज G63 AMG जैसी दमदार गाड़ियों का शानदार कलेक्शन है। फिलहाल इस चालान और नोटिस पर धोनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

