Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को रिम्स पहुंचे, जहां उन्होंने बुंडू हाइवे दुर्घटना में घायल मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मंत्री ने घायलों का हालचाल लिया और मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने घायलों को व्यक्तिगत स्तर पर मदद पहुंचाने की भी बात कही।
मुलाकात के दौरान डॉ. अंसारी ने चाईबासा में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाए जाने की घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें संदेह है कि यह घटना राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकती है, लेकिन सच्चाई जल्द सामने आएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स के ब्लड बैंक और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में दवाओं और अन्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. अंसारी ने रिम्स निदेशक और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों द्वारा अत्यधिक शुल्क वसूलकर मरीजों को रिम्स भेजना गंभीर मामला है और ऐसे अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



