अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
World News: मध्य मेक्सिको में सोमवार को एक छोटा निजी विमान इमरजेंसी लैंडिंग के प्रयास के दौरान भीषण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मेक्सिको स्टेट सिविल प्रोटेक्शन के कोऑर्डिनेटर एड्रियन हर्नांडेज़ ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई है।
यह हादसा सैन मातेओ अटेंको इलाके में हुआ, जो टोलुका एयरपोर्ट से करीब पाँच किलोमीटर पश्चिम में स्थित एक औद्योगिक क्षेत्र है। जानकारी के मुताबिक, इस निजी जेट ने मेक्सिको के प्रशांत तट पर स्थित लोकप्रिय शहर अकापुल्को से उड़ान भरी थी।
फुटबॉल मैदान पर उतरने की कोशिश, 130 लोगों को निकाला गया
एड्रियन हर्नांडेज़ ने बताया कि विमान में कुल 8 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। हादसे के कई घंटे बाद तक मलबे से केवल सात शव ही बरामद किए जा सके। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान ने एक फुटबॉल मैदान पर आपात लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन वह पास ही स्थित एक फैक्ट्री या कारोबारी इमारत की छत से टकरा गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग और हादसे के कारण आस-पास के इलाके से करीब 130 लोगों को एहतियातन सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

